Spread the love

रिकांगपिओ। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) किन्नौर हेमराज बैरवा ने आज पंचायती राज संस्थाओं के प्रथम चरण की चुनाव तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत खवांगी में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला खवांगी व राजकीय माध्यमिक पाठशाला खवांगी में बनाए गए मतदान बूथों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की भी जानकारी हासिल की। उन्होंने मतदान कार्यों में तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए की मतदान व मतगणना के दौरान कोविड-19 के नियमों का कढ़ाई से पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि मतदान करने से पूर्व मतदाताओं की थर्मल स्कैनिंग अवश्य की जाए और हाथों को सेनेटाईज करने के उपरान्त ही मतदान करवाएं। उन्होंने पंचायत घर खवांगी स्थित मतगणना केन्द्र का भी निरीक्षण किया।
बैरवा ने बताया कि जिले में प्रथम चरण में 26 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा जिसमें कुल 24,272 मतदाता अपने मतदान का प्रयोग करेंगें। इनमें 11,832 पुरूष व 12,440 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में कल्पा विकास खण्ड के तहत ग्राम पंचायत कल्पा, पांगी, खवांगी, बारंग, सापनी, ब्रुआ, सांगला व छितकुल, निचार विकास खण्ड की ग्राम पंचायत रूपी, बरी, सुंघरा, मीरू, पुनंग, क्राबा, काफनू व बड़ा-कम्बा, पूह विकास खण्ड की ग्राम पंचायत सुमरा, हांगो, नाको, पूह, रोपा, कानम, लिप्पा, रारंग, रिब्बा व चारंग शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान प्रातः 8 बजे से सांय 4 बजे तक होगा। प्रधान, उप-प्रधान व वार्ड सदस्यों के मतों की गणना संबंधित पंचायत मुख्यालय में मतदान समाप्ति के उपारन्त 17 जनवरी, 2021 को ही कर दी जाएगी, जबकि पंचायत समिति तथा जिला परिषद के लिए हुए चुनाव की मतगणना 22 जनवरी, 2021 को संबंधित खण्ड विकास कार्यालय में की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में प्रथम चरण के चुनाव में 12 ग्राम पंचायतों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है जबकि 5 ग्राम पंचायतें संवेदनशील घोषित की गई है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान करवाने के लिए मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस व होम-गार्ड की तैनाती की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *