Spread the love

रिकांगपिओ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देशव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान के शुभारम्भ करने के तुरन्त उपरान्त जनजातीय एवं सीमावर्ती जिला किन्नौर में उपायुक्त हेमराज बैरवा ने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पिओ से कोविड-19 टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण का शुभारम्भ किया। प्रथम टीका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पिओ में कार्यरत व्यवाहर परिवर्तन समन्यवक रमेश नेगी ने लगवाया।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि आज क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में आज 98 स्वास्थ्य कर्मियों व अग्रणी पंक्ति में कार्य कर रहे योद्धाओं का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम चरण में जिले में स्वास्थ्य देखभाल में लगे कर्मियों सहित अग्रिम पंक्ति में कार्य कर रहें योद्धाओं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में टीकाकरण के लिए चिन्हित 13 स्थानों के माध्यम से 1149 स्वास्थ्य कर्मियों, जिनमें स्वास्थ्य वर्कर, आशा-वर्कर, आयुर्वैद व आगंनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का दो बार टीकाकरण किया जाएगा। दूसरी बार टीकाकरण 28 दिनों के अंतराल पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान टीकाकरण किए व्यक्तियों को सभी प्रकार की कोविड से संबधित सावधानियां बरतनी पड़ेगी तभी यह टीका प्रभावी होगा। उन्होंने कहा कि दूसरे टीके के बाद भी 14 दिन तक सभी सावधानियां बरतनी होगी।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में टीकाकरण की प्रभावी निगरानी के लिए जिला तथा उप-मण्डल स्तर पर टाॅस्क फोर्स का गठन किया गया है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त मुनिष कुुमार शर्मा, मुख्य चिकितसा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी व निगरानी अधिकारी डाॅ. कविराज सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।  

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *