Spread the love

शिमला। प्रदेश भाजपा द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर की गई बयानबाजी पर कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने बड़ा जबाबी हमला किया है। भाजपा पर पलटवार करते हुए मंडी जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी, कांगड़ा जिलाध्यक्ष अजय महाजन, शिमला जिलाध्यक्ष यशवंत छाजटा,  सिरमौर जिलाध्यक्ष अजय बहादुर सिंह, सोलन जिलाध्यक्ष शिव कुमार, हमीरपुर जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार, बिलासपुर जिलाध्यक्ष अंजना धीमान, चंबा जिलाध्यक्ष नीरज नैय्यर समेत कुल्लू-लाहौल-स्पीति और किन्नौर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों ने एक सयुंक्त बयान में भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर पर कोई भी टिप्पणी करने से पहले वह अपने नेताओं के साथ-साथ अपने अध्यक्ष की पूरी स्थिति की जानकारी जुटा लें। 
इन नेताओं ने कहा कि राठौर को भाजपा के किसी प्रमाण पत्र की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्हें पार्टी आलाकमान, सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह एकजुटता के साथ पूरा कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राठौर पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और प्रदेश का हर कांग्रेस कार्यकर्ता उन पर गर्व महसूस करता है। कुलदीप राठौर के पास संगठन का व्यापक अनुभव है। वे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रदेशाध्यक्ष से लेकर युवा कांग्रेस और उसके बाद कई वर्षों तक संगठन में समय देने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर आसीन हुए हैं। इन नेताओं ने कहा कि लम्बे संगठनात्मक अनुभव की वजह से कुलदीप सिंह राठौर आज सभी को साथ लेकर सामने आकर के पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं और यही वजह है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी एकजुटता के साथ केंद्र व हिमाचल की भाजपा सरकार के जनविरोधी फैसलों का सड़कों पर उतर कर विरोध कर रही है। इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की ईमानदारी और अनुभव की वजह से हर कार्यकर्ता को उन पर नाज है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राठौर कांग्रेस की आवाज हैं। इन नेताओं ने कहा कि इसी बुलंद आवाज द्वारा जब भाजपा को बेनकाब किया जा रहा है तो भाजपा नेता बौखलाहट में है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा नेता अपनी पार्टी का फिक्र करें, जहां सत्ता संघर्ष में सरकार अपनी चाल भूल चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने चुटकी लेते हुये कहा कि मुख्यमंत्री की मंत्री परवाह नहीं करते और मंत्रियों को अफसरशाही नहीं सुनती तथा अफसरशाही को कर्मचारी नहीं मानते। ऐसी निकम्मी, अनुभवहीन सरकार पहली बार सत्तासीन हुई है, जिसकी दिशा और दशा दोनों ही खराब हैं। इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा सरकार द्वारा किए गए जनविरोधी फैसलों से जनता में भारी आक्रोश है, जिसके चलते भाजपा नेता अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए तर्कहीन बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा इन पंचायत चुनावों में पानी की तरह पैसा बहा रही है  तथा साम दाम दण्ड भेद केसहारे इन चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, उसे प्रदेश की जनता देख रही है।
इन कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भ्रष्टाचार पर अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी हो उस पार्टी के नेताओं को बड़ी बड़ी डींगें नहीं हांकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी फिक्र करें और प्रदेश की जनसमस्याओं के निराकरण बारे सोचे। कांग्रेस पार्टी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में एकजुटता के साथ भाजपा को बेनकाब करने में लगी है और कांग्रेस कार्यकर्ता के हौंसले बुलंद हैं। 2022 में इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर फैंकने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लामबंद है। प्रदेश की जनता इस निक्कमी और जुमलेबाज सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने का पूरा मन बना चुकी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *