‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत सुंदरनगर जिला की कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में किया संबोधित
सुंदरनगर। भाजपा विधायक एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और जनता के अधिकारों की सुरक्षा भारतीय जनता पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच भाजपा जनता के सामने तथ्यों को रखने और लोकतंत्र के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राकेश जम्वाल ने सुंदरनगर जिला में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने या सत्ता प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक मर्यादाओं, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनमत के सम्मान पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके विपरीत, कांग्रेस चुनावी परिणामों पर सवाल उठाने और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर संदेह पैदा करने की राजनीति कर रही है। लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन तथ्यों के बिना आरोप लगाकर जनता में भ्रम पैदा करना उचित नहीं है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे विषयों पर जनता को सही जानकारी देना और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से लोगों तक लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की जानकारी पहुंचाएं और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम का तथ्यों के आधार पर जवाब दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और राष्ट्रहित के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।
राकेश जम्वाल ने कहा कि लोकतंत्र में सवालों का जवाब तथ्यों से दिया जाता है, आरोपों और भ्रम से नहीं। भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं की रक्षा करते हुए जनता के अधिकारों और देश की संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
