शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने अपनी प्रेस वार्ता में दिल्ली से आये उनके आकाओं का लिखित संदेश पढ़ा है, जिसमें उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने की एक नाकाम कोशिश की है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के सामने प्रमाणित हो गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार किस तानाशाही से केवल अपने मत से एक अधिकार से ही चुनाव आयोग के फैसले लेते रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर किया गया था। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बहाने किस प्रकार देश के 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके मत के अधिकार से वंचित किया गया, यह सामने आ चुका है।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा ने देश के साथ बड़ा गुनाह किया है और देश के लोग अब उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि आज नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने अपने सम्बोधन में साफ कर दिया है कि कांग्रेस संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिये देश के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में भाजपा व मुख्य चुनाव आयुक्त के काले कारनामों को उजागर करते हुए इन्हें पूरी तरह बेनकाव करेगी।
