Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार देर सायं यहां ऐतिहासिक रिज पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रो-बॉक्सिंग चैंपियनशिप के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की स्मृति में किया गया है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता थे और प्रदेश के विकास में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतियोगिता नवोदित खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभागियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव मिलता है और उनके खेल कौशल में वृद्धि होती है।

इस प्रतियोगिता में श्रीलंका, भारत, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और थाईलैंड के अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाजों ने भाग लिया।

इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा और हरदीप बावा, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *