Spread the love

सभी मेडिकल कालेजों में 150 करोड़ की लागत से स्थापित होंगी अत्याधुनिक लैब्सः मुख्यमंत्री 

जुलाई के पहले हफ्ते में जोल सप्पड़ में शुरू होगा मेडिकल कालेज के विभिन्न विभागों का संचालन 

हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को जिला हमीरपुर के जोल सप्पड़ में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर के नए परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया।  

इसके बाद उन्होंने इसी परिसर में नवनिर्मित अस्पताल ब्लॉक और अकादमिक ब्लॉक तथा अन्य निर्माणाधीन भवनों के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी और मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को अस्पताल ब्लॉक और अकादमिक ब्लॉक को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को सौंपने तथा कॉलेज एवं अस्पताल के विभिन्न विभागों को जोल सप्पड़ शिफ्ट करने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह में मेडिकल कॉलेज के इन महत्वपूर्ण विभागों का संचालन जोल सप्पड़ में शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज से संबंधित अन्य मामलों तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों की लैब्स के आधुनिकीकरण के लिए प्रदेश सरकार 150 करोड़ रुपये का प्रावधान कर रही है। इस धनराशि से लैब्स में अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जाएंगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला और टांडा के मेडिकल कॉलेज में दशकों पुरानी मशीनों एवं उपकरणों के स्थान पर इनकी जगह नवीनत्तम टैक्नोलॉजी की मशीनें एवं उपकरण स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बड़े पैमाने पर डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की भर्ती कर रही है। इससे सभी मेडिकल कॉलेजों एवं चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होगा और लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।  

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती, सीपीडब्ल्यूडी और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन नए परिसर में जारी विभिन्न निर्माण कार्यों की वस्तु स्थिति से अवगत करवाया।  

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस हमीरपुर में लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

इस अवसर पर आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *