Spread the love

राजस्व मंत्री ने निचार उपमण्डल में “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम में शिरकत की 

आधुनिक बागवानी प्रणाली अपनाने पर दिया बल 

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, निचार के मैदान में आयोजित “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि शिरकत की।

राजस्व मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पारदर्शी एवं जवाबदेही प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है और इस कड़ी के तहत सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों को घर द्वार पर जिला प्रशासन द्वारा उनकी जन समस्याओं का समाधान मिल सके। उन्होंने कहा कि जवाबदेह प्रशासन से पंचायत जन प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों को वर्तमान प्रदेश सरकार की जन हितेशी नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त होती है।

बागवानी मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू नशामुक्त समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं तथा चिट्टा मुक्त प्रदेश बनाने के लिए पुलिस विभाग का खुफिया तंत्र मजबूत किया जा रहा है ताकि प्रदेश की युवा पीढ़ी इस घातक जहर से बच सके। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को सफल बनाने के लिए पंचायत जन प्रतिनिधि, शिक्षक वर्ग, अभिभावक व समाजसेवी कारगर भूमिका निभा सकते हैं ताकि सशक्त प्रदेश व देश का निमार्ण संभव हो सके।

जगत सिंह नेगी ने बागवानी क्षेत्र में आधुनिक खेती पर बल दिया ताकि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में जिला किन्नौर का सेब अच्छे दाम प्राप्त कर सके और विपणन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।

राजस्व मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में 150 CBSE विद्यालय स्थापित कर रही है,‌ जिसमें पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाएगी और इस कड़ी के तहत जिला किन्नौर में निचार, भावानगर, सांगला, रिकांगपिओ व कानम स्कूलों में CBSE पैर्टन पर शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र में पूह व कटगांव सरकारी स्कूलों को CBSE पैर्टन में शामिल किया जाएगा।

जगत सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के राहत मैनुअल में संशोधन कर 2023 में आपदा प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की और संकट की घड़ी में धरातल पर उनके दुख को साझा किया और उनके क्षतिग्रस्त मकानों के पुनः निमार्ण में 07 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की।

कैबिनेट मंत्री ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान लोगों की शिकायतें सुनी व उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को त्वरित शिकायत निवारण के निर्देश दिए।

बागवानी मंत्री ने चिट्टे के खिलाफ लघु नाटिका प्रस्तुत करने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, निचार के छात्र छात्राओं को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

इससे पूर्व, उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्यतिथि का कार्यक्रम में स्वागत किया और जिला प्रशासन द्वारा किए गए विकास कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। इसके उपरान्त कैबिनेट मंत्री ने जल शक्ति विभाग द्वारा 47.13 लाख रुपये की लागत से निर्मित पेय जल योजना ग्रांगे निचार का लोकापर्ण किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सुधीर सिंह नेगी, पुलिस उप अधीक्षक भावानगर राजकुमार, खण्ड विकास अधिकारी निचार विजय नेगी, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. अजय नेगी, नायब तहसीलदार निचार राहुल कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी, राज्य सेवादल की उपाध्यक्ष तारा मुयान, कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी मनोज नेगी, महिला इंटक (भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) जिला की अध्यक्षा सरिता नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *