Spread the love

स्थापित होने वाले खेल परिसर का अधिकारियों के साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री ने किया निरीक्षण 

बिलासपुर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपए की लागत से एक भव्य खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई खेल पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए लगभग साढ़े चार करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई है और निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। 

राजेश धर्माणी वीरवार को घुमारवीं में खेल परिसर के निर्माण स्थल का संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर घुमारवीं के समीप बनने वाले इस खेल परिसर के लिए अब तक लगभग 12 बीघा भूमि खेल विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। इस खेल परिसर में इंडोर स्टेडियम, आउटडोर खेल मैदान, दर्शक दीर्घा तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण केंद्र तैयार किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को उत्कृष्ट वातावरण में अभ्यास करने का अवसर प्राप्त होगा। 

राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल परिसर के निमार्ण से घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र सहित आस-पास के अन्य इलाकों के युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए भी एक बेहतरीन मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को न केवल शिक्षा और रोजगार, बल्कि खेलों में भी नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संपूर्ण हिमाचल में खेल परिसरों और इनडोर स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है ताकि युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित किया जा सके। इससे न केवल युवा खेलों के प्रति रूझान बढ़ाएंगे, बल्कि वह स्वयं को नशे से भी दूर रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जिला और उपमंडल स्तर पर खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक युवा को अपनी पसंद के खेल अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि घुमारवीं में बनने वाला यह खेल परिसर आने वाले वर्षों में बिलासपुर जिला ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

इस मौके पर एसडीएम गौरव चौधरी, हिमुडा तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता तथा युवा सेवा व खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *