Spread the love

कहा – मोदी सरकार ने जीएसटी घटाकर कम किए सीमेंट के दाम, लेकिन सुक्खू सरकार ने एजीटी बढ़ाकर फिर लाद दिया महंगाई का बोझ

शिमला। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार आम जनता पर बोझ डालने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नवरात्रि के अवसर पर जनता को बड़ा तोहफा दिया है। इसके तहत सीमेंट पर जीएसटी को 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे एक सीमेंट बैग पर करीब 40 रुपये की सीधी राहत जनता को मिल रही है। लेकिन, इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने एडिशनल गुड्स टैक्स (एजीटी) बढ़ाकर लोगों की जेब पर और अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। यानी जो लाभ जनता को मिलना था, उस पर सुक्खू सरकार ने महंगाई का बोझ लाद दिया है।

जम्वाल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जारी नोटिफिकेशन के तहत प्रति सीमेंट बैग पर लगने वाला एजीटी 11 रुपये से बढ़ाकर 16 रुपये कर दिया गया है। इससे सीमेंट की कीमत में प्रति बैग 5 रुपये का इजाफा हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह कदम केंद्र सरकार द्वारा दी गई राहत को जनता तक पहुंचने से रोकने वाला है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जब हजारों लोग बेघर हुए हैं और पूरे हिमाचल में घरों को भारी नुकसान हुआ है, सीमेंट की कीमतों में कमी से लोगों को राहत मिलनी थी। लेकिन कांग्रेस सरकार ने राहत के बजाय बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आपदा आने से पहले प्रदेश में भाजपा सरकार थी, उस समय सीमेंट पर एजीटी मात्र 7.5 रुपये था। आपदा के बाद कांग्रेस सरकार ने इसे बढ़ाकर 11 रुपये कर दिया और अब 2025 में फिर आपदा की स्थिति में इसे और बढ़ाकर 16 रुपये कर दिया गया है।

जम्वाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के कामकाज में जनता साफ अंतर देख रही है। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर जीएसटी कम करके जनता को राहत दी, वहीं कांग्रेस सरकार ने जनता से यह राहत छीन ली। उन्होंने इसे कांग्रेस का दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय करार दिया और कहा कि यह सरकार जनता पर बोझ डालने और टैक्स बढ़ाने से पीछे नहीं हट रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *