Spread the love

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी जनजातीय विकास एवं जनशिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को किन्नौर जिला के निचार उपमंडल के टापरी स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आम लोगों की समस्याओं को सुना और स्थानीय लोगों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से विकास कार्यों पर चर्चा की।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सड़क अधोसरंचना विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और उपस्थित जल शक्ति व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित पड़े विकास कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।

बागवानी मंत्री ने दोहराया कि विकट परिस्थितियों में भी जनजातीय जिला किन्नौर के बागवानों-किसानों की उपज एवं सेब मंडियों तक पहुंचाया गया और स्थानीय लोगों को विपक्षी दलों के दुष्प्रचार से बचने की हिदायत दी तथा बताया कि वर्तमान प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता आपदाग्रस्त लोगों को प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर शांगो महिला मंडल ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 हजार रुपए का अंशदान कैबिनेट मंत्री के माध्यम से आपदा प्रभावितों के लिए राहत राशि के रूप में प्रदान किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, जिला परिषद सदस्य कोठी वॉर्ड हितेष नेगी, उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश धीमान, खाद्य आपूर्ति अधिकारी धनवीर ठाकुर, थाना प्रभारी टापरी शिव कुमार, आयुष विभाग के अधीक्षक सुरेंद्र मेहता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं जनता को – नेगी 

इसके उपरांत राजस्व मंत्री ने जिला के निचार उपमंडल के छोलतू स्थित वन विश्राम गृह के प्रांगण में निचार ब्लॉक कांग्रेस समिति की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर किन्नौर जिला से स्थानीय भाजपा नेता सूरत नेगी की ग्राम पंचायत बरी से भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर हार्दिक अभिनंदन किया और उन्हें टोपी व खतक भेंट कर सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया ताकि बूथ स्तर पर वर्तमान प्रदेश सरकार की कल्याणकारी समावेशी योजनाओं और वित्तीय अनुशासन का प्रचार-प्रसार हो सके और वंचित वर्गों को लाभ मिल सके। इसके अतिरिक उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत लोगों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से वन अधिकार अधिनियम-2006 का लाभ उठाने के लिए आगे आने को कहा।

इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने नौ तोड़ अधिनियम 1968, स्व. राजीव गांधी द्वारा लाए गए 73वीं पंचायती राज अधिनियम जिससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त हुआ, मनरेगा एक्ट 2005 जिससे ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों के पलायन में अंकुग लगा व सूचना का अधिकार 2005 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की और कहा कि यह जन हितैषी कानून तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है जिससे जनजातीय व वंचित वर्गों के लोगों को लाभ मिला है तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन जीने में मदद मिली है। 

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जनजातीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं और राज्य के हितों के लिए केंद्र सरकार के समक्ष सशक्त पैरवी करते हैं। 

बैठक की कार्यवाही का संचालन निचार ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष बीर सिंह नेगी ने किया और संगठन की विभिन्न गतिविधियों से कैबिनेट मंत्री को अवगत करवाया। 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, जिला परिषद सदस्य हितेष नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *