Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में शनिवार को कोरोना संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गई। ये मौतें शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिलों में हुई है। मंडी जिले के नेरचौक कोविड अस्पताल में कुल्लू के ढालपुर के 82 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं, किन्नौर के क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में लियो निवासी कोरोना संक्रमित 29 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक को सांस लेने में परेशानी थी। इस बीच, आईजीएमसी अस्पताल शिमला में मंडी जिले के करसोग की रहने वाली 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। महिला की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उसे पांच अक्टूबर को आईजीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया था, लेकिन शनिवार को उसकी मौत हो गई। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 243 लोगों की मौत हो गई है। 

उधर, प्रदेश में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 267 नए मामले पाजीटिव आए हैं। मंडी जिले में 55, शिमला जिले में 45, लाहौल-स्पीति जिले में 34, कांगड़ा जिले में 31, कुल्लू जिले में 25, सोलन जिले में 17, बिलासपुर और चंबा जिले में 16-16, हमीरपुर में 10, सिरमौर और ऊना जिले में 9-9 मामले कोरोना पाजीटिव आए हैं। इस प्रदेश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा  बढ़कर 17244 पहुंच गया है। अब तक 13861 मरीज इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। शनिवार को 440 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं अब प्रदेश में इस संक्रमण के 2718 एक्टिव केस हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *