Spread the love

उपायुक्त ने राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला के सम्बन्ध में दिए विस्तृत दिशा निर्देश 

सोलन। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। मनमोहन शर्मा गत दिवस 20 से 22 जून, 2025 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला के सम्बन्ध में तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मनमोहन शर्मा ने मेला अवधि में विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक तथा आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न स्थानों से आए लोगों तथा शहर वासियों को उचित व्यवस्था प्रदान करना ज़िला प्रशासन का दायित्व है।

उपायुक्त ने कहा कि यह सुनिश्चित बनाना होगा कि इस अवधि में विद्युत, पेयजल एवं स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं सतत क्रियाशील रहे। उन्होंने सभी विभागों को योजनाबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले का अभिन्न अंग है और यह प्रयास किया जाना चाहिए कि लोगों को बेहतर कार्यक्रम सुनने का मौका मिले।

उन्होंने कहा कि मेले में अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन के दौरान कलाकारों द्वारा हिमाचल प्रदेश के पारम्परिक वस्त्रों में लोक संगीत व वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए ऑडिशन 10 से 15 जून, 2025 तक आयोजित किए जाएंगे। कलाकारों को प्रस्तुति के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। 

उन्होंने कहा कि मेले में पूर्व की भांति विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं एवं प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने सभी विभागों को खेल प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनियों के लिए उचित तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि में स्थानीय रूटों पर निःशुल्क मुद्रिका बस सेवा चलाना सुनिश्चित करें। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राजकुमार चंदेल, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक सुरेन्द्र ठाकुर, ज़िला राजस्व अधिकारी सुमेध शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक, ज़िला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले श्रवण कुमार हिमालयन, नगर निगम सोलन की सहायक आयुक्त बिमला पी. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *