Spread the love

केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बागवानी परियोजनाओं की समीक्षा की 

शिमला। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शुक्रवार को शिमला में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बागवानी से संबंधित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर में शीघ्र ही उद्यान उत्कृष्टता उप-केन्द्र स्थापित किया जाएगा। इस केन्द्र की स्थापना के लिए इज़राईल के विशेषज्ञ दल ने विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया था। इस रिपोर्ट को प्रदेश सरकार को सौंप दिया गया है। प्रदेश सरकार शीघ्र ही इस केन्द्र की स्थापना का मामला केन्द्र सरकार के साथ उठाएगी। इस केन्द्र की स्थापना पर पांच करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

उप मुख्य सचेतक ने कृषि विभाग के अधिकारियों को झुलाड़ फार्म की भूमि उद्यान विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एचपी शिवा परियोजना की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बागवानी विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा तथा पीसीडीओ शाहपुर में भी पदों का सृजन किया जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए कृषि तथा बागवानी क्षेत्र के विकास को विशेष अधिमान दे रही है। इस क्षेत्र में नवीन प्रौद्योगिकी का समावेश किया जा रहा है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सिट्रस प्रजाति के फलों के उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। इसी के दृष्टिगत विधानसभा क्षेत्र में फलों के उत्पादन के विविधीकरण के लिए नवोन्मेषी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्र में कृषि तथा बागवानी क्षेत्र में लोगों को नवीन प्रौद्योगिकी तथा फसलों व फलों की उन्नत प्रजातियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में निदेशक बागवानी, संयुक्त सचिव बागवानी, परियोजना निदेशक एचपी शिवा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *