शिमला। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने पीएम मोदी व भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी से जानना चाहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में तुष्टिकरण के बारे में जिक्र कहां किया गया है, इस बारे में वह स्थिति साफ करें। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में देश आर्थिक व सामाजिक तौर पर खंडित हुआ है। एससी, एसटी समेत सभी धर्मों के गरीब लोगों के साथ अन्याय हुआ है।
पी. चिदंबरम मंगलवार काे अपने एक केस के सिलसिले में निजी दाैरे पर शिमला पहुंचे थे। इस दाैरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने पार्टी कार्यालय राजीव भवन पहुंचे, जहां पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए पी. चिदंबरम ने कहा कि कांग्रेस का मेनिफेस्टो टॉकिंग प्वाइंट बना हुआ है। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, निर्धन मुस्लिम, गरीब हिंदू व इसाई और गरीबों की बात की गई है। यानी, कांग्रेस के घोषणा पत्र में हर वर्ग के न्याय की बात कही गई है। इसलिए हर तरफ कांग्रेस के घोषणा पत्र की चर्चा हो रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के मेनिफेस्टो पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र आया और दो घंटे में गायब हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के मैनिफेस्टो का टाईटल ही ‘मोदी की गारंटी’ है। उन्होंने कहा कि किसी भी पॉलिटिकल पार्टी का मेनिफेस्टो मोदी की गारंटी नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को कांग्रेस का मेनिफेस्टो भी पढ़ना चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि उन्होंने खुद तमिलनाडू में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान दूरदराज के गांव में भी कांग्रेस के मैनिफेस्टो की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में हर वर्ग को राहत और न्याय देने की बात कही गई है। बीजेपी को इससे ईर्ष्या हो रही है।
चिदंबरम ने कहा कि भाजपा ने खुद इलेक्ट्रोल बांड से 8500 करोड़ रुपए का चंदा लिया है और कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर उन्हें हैंडीकैप जरूर बनाया है। मगर कांग्रेस की ओर से जनता खुद चुनाव लड़ रही है और चुनाव में भाजपा को इसका जवाब मिल जाएगा।
उधर, एक सवाल के जवाब में पी. चिदंबरम ने कहा कि भाजपा 400 पार की बात कर रही है। लेकिन साथ ही कहा कि भाजपा तमिलनाडू में 25 की 25 सीटें हार रही है। इसी तरह केरल में भाजपा सभी 20 सीटों पर चुनाव हार रही है। ऐसे में 400 सीटें पार का गणित उनकी समझ से परे है।
