शिमला। हिमाचल भाजपा ने कहा है कि प्रदेश में इस समय कुप्रबंधन का ऐसा दौर चला है कि नए दौर का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार से सभी लोग परेशान हो चुके हैं। उसने प्रदेश सरकार की गारंटियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाने क़े लिए हर क्षेत्र से गारंटी दे डाली, परन्तु अपनी एक भी गारंटी पूरी करने की उनके पास इच्छाशक्ति, न सामर्थ्य है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बलवीर वर्मा ने बुधवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाने से पहले गारंटी दी थी कि मोबाइल क्लिनिक (वैन) से हर गांव में मुफ्त इलाज होगा परन्तु आज सरकार की वो वैन कहां गई? उन्होंने कहा कि जयराम सरकार क़े समय चली योजना को नया नाम देकर कांग्रेस सरकार अब जनमंच की जगह सरकार गांव की ओर कार्यक्रम चलाने की बात की है। ऐसे में क्या इन वैन (मोबाइल क्लिनिक) को भी साथ ले जाने का प्रयास भी सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में जो सुविधाएं स्वास्थ्य क़े क्षेत्र में दी गई थी, अब उन्हें बंद करने का कार्य सरकार ने किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार की बड़ी व सफल योजना हिमकेयर इस सरकार की नालायकी की वजह से बंद होने क़े कगार पर है। प्रदेश सरकार हिमकेयर योजना का पैसा अस्पतालों को जारी नहीं कर रही है जो कि 200 करोड़ रुपए से ऊपर हो गया है। आलम यह है कि आज प्राइवेट अस्पताओं क़े साथ-साथ प्रदेश क़े मेडिकल कॉलेज भी निशुल्क इलाज से आनाकानी कर रहे हैं। क्रसना लैब जो कि मेडिकल क्षेत्र में प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रही थी। उसका करीब 54 करोड़ रूपये देय है और बार-बार कंपनी के नोटिस दिए जाने के बावजूद यह पैसा प्रदेश सरकार ने इस लैब को नहीं दिया है। आज लैब पर दबाव बना कर कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्रसना लैब में कम से कम 18,000 हिमाचली युवा कार्यरत हैं जिन पर आज अपनी नौकरी खोने का डर बना हुआ है, जिससे साफ पता चलता है कि यह सरकार युवा विरोधी सरकार है। प्रदेश में सरकार बनाने से पहले युवाओं को रोजगार की गारंटी को पूरा करने क़े बजाए आते ही कोविड वारियर्स को निकालना, आउटसोर्स को निकलना और अब इस तरह क्रसना लैब की देनदारी को क्लियर न करना इसी का सूचक है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
बलवीर वर्मा ने कहा कि आज प्रदेश में लम्बे समय से मरीजों को लाने ले जाने वाली सुविधा 108 एम्बुलेंस क़े टायर तक फट चुके हैं जिसकी व्यवस्था सरकार नहीं कर पा रही न ही। कम्पनी से कोई बातचीत द्वारा बीच का रास्ता निकालने क़े लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कोविड क़े समय लगे ऑक्सीजन प्लांट का रखरखाव यह सरकार नहीं कर पा रही। ऐसे में वह पूछना चाहते हैं कि सरकार किस व्यवस्था परिवर्तन की बात वो अपने हर भाषण में कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार की स्थिति बहुत खराब है, संसाधन विहीन सरकार है। उन्होंने वर्तमान सरकार पर आरोप कहा कि यह सरकार गरीब हितैषी सरकार नहीं है। झूठे वादे और झूठी गारंटी देकर सत्ता में आई सरकार है और हिमाचल प्रदेशवासियों की किसी भी प्रकार से चिंता इस सरकार को नहीं है।
