Spread the love
शिमला। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से बुधवार को यहां भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वर्ष 2021 बैच एवं के हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) के वर्ष 2022 बैच के परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनर्ज़) अधिकारियों तथा संबद्ध सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की। ये परिवीक्षार्थी हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान, फेयरलॉन शिमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि प्रशासनिक अधिकारी के रूप में चयनित होना जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अधिकारियों से समर्पण, ईमानदारी और देशभक्ति की भावना के साथ समाजसेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को प्रदान की जाने वाली सेवाएं और व्यवहार ही उनकी पहचान है। उन्होंने कहा कि मन में सेवा भाव रखकर देशहित में कार्य करना चाहिए।
राज्यपाल ने कार्य संस्कृति, पर्यटन, उद्योग, पर्यावरण और प्रदेशहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की और विभिन्न क्षेत्रों में अपने विचार साझा किए। उन्होंने अधिकारियों से अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने जीवन में सकारात्मक रहने की सलाह देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित की गई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए।
हिपा के निदेशक ऋग्वेद ठाकुर, अतिरिक्त निदेशक ज्योति राणा तथा संयुक्त नियंत्रक विकास गुप्ता इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *