Spread the love
शिमला। पूर्व सांसद व प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है। अनुशासन सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों और पार्टी के सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अनुशासन में रह कर पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। वे प्रदेश अनुशासन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।

विप्लव ठाकुर ने कहा कि जब भी किसी जिला अथवा ब्लाक में पार्टी के किसी भी संगठन के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, उसके लिए उस जिला व ब्लाक कांग्रेस कमेटी तथा वहां के स्थानीय नेताओं को विश्वास में लेकर ही कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए और सभी को एकजुट होकर कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रणी संगठनों तथा विभागों को जिला व ब्लॉक स्तर पर जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ समन्वय स्थापित कर संगठनों की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए।

विप्लव ठाकुर ने कहा कि कोई भी नेता, पदाधिकारी तथा अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी पार्टी के किसी नेता के विरुद्ध मीडिया या सोशल मीडिया में जाता है तो यह भी अनुशासनहीनता के दायरे में माना जाएगा और उस व्यक्ति के विरुद्ध पार्टी नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में अनुशासन समिति अध्यक्ष ने समिति के सभी सदस्यों को जिलावार जिम्मेवारी सौपते हुए कहा कि वे स्वयं जिला कांगड़ा का कार्यभार देखेगी। अनुशासन समिति के उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार को जिला हमीरपुर, शिमला व किन्नौर की जिम्मेवारी दी गई है।
विधायक नन्द लाल को जिला सोलन व सिरमौर तथा सुरेश चंदेल को जिला मण्डी, कुल्लू व लाहौल-स्पीति की जिम्मेवारी दी गई है। विधायक संजय अवस्थी को जिला बिलासपुर, ऊना व चम्बा की जिम्मेवारी दी गई है। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर, अनुशासन समिति के उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार तथा विधायक संजय अवस्थी शामिल हुए, जबकि दो अन्य सदस्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण बैठक में भाग नहीं ले सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *