शिमला। शिमला जिले की जुब्बल तहसील के भोलाड गांव के भरत हंसरेटा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। शनिवार को इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून में पासिंग आउट परेड आयोजित हुई। भरत की इस उपलब्धि से परिजनों व क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है।
भरत हंसरेटा ने प्राथमिक शिक्षा डीएवी सरस्वतीनगर से हासिल की। उसके बाद सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा से जमा दो कक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 2016 में भरत ने एनडीए की परीक्षा पास की। इसके बाद भारतीय सेना की पुणे के खड़गवासला अकादमी में तीन वर्ष प्रशिक्षण लिया। इसके बाद इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून में भरत ने एक वर्ष तक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
भरत की पहली पोस्टिंग राजस्थान के गंगानगर में हुई है, जहां वह 84 आर्म्ड रेजिमेंट में बतौर लेफ्टिनेंट अपनी सेवाएं देंगे।बता दें कि भरत के दादा नारायण हंसरेटा सेवानिवृत शिक्षक हैं। पिता मनमोहन हंसरेटा पेशे से बागवान हैं, जबकि माता मीरा हंसरेटा शिक्षिका हैं। कोरोना वायरस से पैदा हुए संकट के चलते बेटे की पासिंग आउट परेड में वे शामिल नहीं हो पाए।
