Spread the love

शिमला। तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े किसानों ने अब हिमाचल में और सक्रिय होने का ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसान एकजुट हो रहे हैं और हर जिले में इकाइयां गठित कर किसानों की मांगों को बुलंद करना शुरू कर दिया है। यही नहीं, किसानों ने अब भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने के लिए हर फ्रंट पर लड़ाई लड़ने का भी ऐलान किया है। भारतीय किसान यूनियन की हिमाचल इकाई के अध्यक्ष अनिंद्र सिंह नौटी ने शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की उनकी मांग जब तक पूरी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज भी राजधानी दिल्ली के पांच बार्डरों पर आंदोलन जारी है और राज्यों में भी किसान अपने-अपने स्तर पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र व हिमाचल की भाजपा के खिलाफ अब किसान चुनाव में भी विरोध करेंगे। 

अनिंद्र सिंह नौटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन ने ”नो वोट फॉर बीजेपी” नाम से अभियान चलाया है और इसकी शुरूआत पश्चिम बंगाल से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में होने वाले चार उपचुनावों में भी यूनियन यह अभियान चलाएगी। इसके तहत मंडी लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव में किसान बीजेपी के खिलाफ जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान में यूनियन के राष्ट्रीय नेता राकेश टिकैत भी शरीक होंगे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव की घोषणा के बाद यह अभियान चलेगा और इसमें भाजपा को ट्रेलर दिखाया जाएगा और अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में पूरी फिल्म दिखाई जाएगी। किसान नेता ने कहा कि हिमाचल के किसानों और बागवानों की भी अपनी समस्याएं हैं और उन्हें इस मंच के माध्यम से उठाया जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि हिमाचल में किसानों द्वारा तैयार किए जाने वाले धान की खरीद करे और इसके लिए हर जिले में कम से कम दो खरीद केंद्र खुलने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने सेब की फसल को मौसम से हुए नुकसान की अभी तक भरपाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि जो सेब के दाम गिर रहे हैं, वह एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत हो रहे हैं और यह सब बाजार में एकाधिकार योजना का हिस्सा है। 

अनिंद्र सिंह नौटी ने कहा कि किसान फोर लेन में ली जा रही उनकी जमीन पर दिए जा रहे मुआवजे से भी नाराज हैं और जिस फैक्टर के तहत यह दिया जाना चाहिए, वह नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूनियन किसानों और बागवानों के हर मुद्दे पर लड़ाई लड़ेगी और मांगों को पूरा करने के लिए हर स्तर पर आंदोलन भी करेगी। इस दौरान नौटी के साथ बलविंद्र सिंह, महबूब अली, मनीष, इंद्र सिंह और अनिल शर्मा भी मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *