शिमला। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से कोरोना वायरस से जंग लड़ रहे रोगियों के लिए होम आइसोलेशन किट जारी करने को इस महामारी को जल्द से जल्द मात देने का बेहतरीन प्रयास करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह किट न केवल रोगियों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ देगी, बल्कि उस हौंसले से भी लबरेज करेगी, जो एक मरीज के लिए बीमारी से लड़ाई का सबसे कारगर हथियार होता है। विनोद ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में कोरोना महामारी के खिलाफ पूरी तत्परता और गंभीरता के साथ लड़ रही है। जयराम ठाकुर सरकार ने हर कोरोना पीड़ित को यह संदेश दिया है कि पीड़ा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ पूरी तन्मयता के साथ खड़ी है और इस महामारी को मिलकर हराएंगे और जल्द ही हालात बदलेंगे। उन्होंने कहा कि कोविड केयर हेल्पलाइन के जरिए मरीजों को घर बैठे उचित स्वास्थ्य सलाह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर स्थित एम्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए शुरू की गई ई-संजीवनी ओपीडी भी अन्य मरीजों को राहत प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सकों, नर्सों, सभी फ्रंटल कोरोना वॉरियर्स ने इस महामारी के खिलाफ जो जज्बा दिखाया है, उसी के फलस्वरूप कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है। इससे उम्मीद बंधी है कि आने वाले दिनों में स्थितियां और बेहतर होंगी।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने इस विपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार और फ्रंटलाइन वॉरियर्स को हतोत्साहित करने के विपक्षी नेताओं के प्रयासों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसी संकीर्ण मानसिकता न ही भाजपा सरकार और न ही हमारे कोरोना योद्धाओं को अपने पथ से भटका सकती है। उन्होंने विपक्ष को इस तरह के कृत्यों से बाज आने की सलाह दी है।
