शिमला। मंडी संसदीय हलके के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर सत्ताधारी भाजपा ने कमर कस ली है। इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए पार्टी ने इसका ताना-बाना बुन लिया है। स्व. राम स्वरूप शर्मा के निधन से खाली हुई इस सीट के लिए निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम कभी भी घोषित कर सकता है। इसे देखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सरकार के तेजतर्रार जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को इस संसदीय क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, शिक्षा मंत्री व कुल्लू जिले से ताल्लुक रखने वाले गोविंद ठाकुर को सह प्रभारी और प्रदेश महामंत्री राकेश जंवाल को संगठन समन्वयक बनाया है।
महेंद्र सिंह ठाकुर भी मंडी जिले हैं, लेकिन उनका संसदीय हलका हमीरपुर पड़ता है। वे धर्मपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और यह हलका हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा के सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन के पश्चात मंडी संसदीय क्षेत्र में उप चुनाव होगा, जिसके लिए संगठन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र में काफी विकासात्मक कार्य करवाए थे और इस संसदीय क्षेत्र की जनता ने उन्हें भरपूर समर्थन भी दिया था। भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मंडी संसदीय क्षेत्र के इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
