धर्मशाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा है कि कोरोना महामारी के दूसरे स्ट्रेन से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को युद्ध स्तर पर कार्य करना चाहिए। उनका कहना है कि महामारी को रोकने के लिए कर्फ्यू में और सख़्ती करनी होगी। उन्होंने कहा कि जहां तक वैक्सीन का सवाल है तो प्रदेश के अंदर वो सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसके चलते घर-घर जाकर वैक्सीन का टीकाकरण किया जा सकता है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि कोल्ड चैन को मेंटेन करने के लिए प्रदेश के अधिकतर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आईएलआर (आईस एंड रेफ्रिजरेटर) हैं। साथ ही सभी वेटनेरी अस्पतालों, डिस्पेंसरियों तथा पीवीडी में रेफ्रिजरेटर और वैक्सीन कैरियर उपलब्ध हैं और प्रदेश की हर पंचायत में स्थित हैं। इनकी सहायता से स्वास्थ्य विभाग का फ़ील्ड स्टाफ़ जो कि पहले भी कोरोना महामारी से निपटने के लिए मुस्तैद रहा है, अब प्रदेश के हर घर में जाकर वैक्सीन भी लगा सकता है। साथ ही वह यह भी पता लगा सकता है कि उस परिवार के कितने सदस्यों को वैक्सीन लगी और कितने लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं और वस्तुस्थिति क्या है। उन्होंने कहा कि इससे यह पता चल जाएगा कि अब तक कितने लोगों को वास्तव में वेक्सीन लगी है। उनका कहना था कि इससे महामारी से हम प्रदेश की जनता को बचा पाएंगे और घर में ही रहते हुए सभी को वैक्सीनेशन की सुविधा दी जा सकेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज के समय में जब कोरोना महामारी तेज़ी से बढ़ रही है और बार-बार लोगों से ही आग्रह किया जा रहा है कि वे घर से ना निकलें, तो ऐसे समय में सरकार को अपने सभी संसाधनों का पूरा दोहन करना चाहिए। इससे समय रहते प्रदेश के 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को वैक्सीन की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जितना जल्दी इस अभियान को शुरू करती है उतनी जल्दी महामारी को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस महामारी से सबको मिलकर लड़ना होगा और अगर सरकार टीकाकरण को घर-घर जाकर करवाने की पहल करती है तो इससे जुड़ी भ्रांतियां भी दूर होंगी। उनका कहना था कि इस प्रक्रिया से पूरे प्रदेश को दस दिन के भीतर वेक्सीन लगाई जा सकेगी, जिससे सभी सुरक्षित रहेंगे।
