शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को राजधानी शिमला के दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल और आईजीएमसी अस्पताल का दौरा किया। आईजीएमसी के दौरे में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल भी उनके साथ रहे। सुरेश भारद्वाज ने दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में कोविड मरीजों के लिए दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं, आईजीएमसी अस्पताल में शहरी विकास मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों व चिकित्सकों की बैठक ली। भारद्वाज ने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शीघ्र स्थापित हो जायेगा। अभी प्लांट की टेस्टिंग का काम चल रहा है।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि वैसे तो सभी अस्पतालों में दवाओं और ऑक्सीजन का स्टॉक है, लेकिन फिर भी अधिकारी सुनिश्चित करें कि रामपुर और रोहड़ू में सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाए, जिससे शहर के अस्पतालों पर बोझ न पड़े और जनता को भी परेशानी न उठानी पड़े।
भारद्वाज ने निर्देश दिए कि अस्पताल प्रबंधन अपनी ज़रूरतों से अवगत कराए, जिसे लेकर वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से आवश्यक दवाओं और ऑक्सीजन की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। शहरी विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश में ऑक्सीजन और आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल कोरोना मरीजों के लिए रखा गया है और आईजीएमसी में भी पूरी व्यवस्था है।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने आईजीएमसी में अधिकारियों को आदेश दिए कि कोविड वार्ड में वरिष्ठ डॉक्टर्स भी समय-समय पर विज़िट करें। साथ ही मरीज़ों को इसका पता भी चले और वरिष्ठ चिकित्सक मरीज़ों से बात भी करें।
