शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को राजधानी शिमला में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान छोटा शिमला के समीप खलीनी, टॉलैंड और हिमलैंड में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समयबद्धता के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
सुरेश भारद्वाज ने हिमलैंड, टॉलैंड और खलीनी में बन रहे फुटपाथ का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा कि दृष्टि से फुटपाथ बहुत महत्वपूर्ण है और सभी लोग पैदल चलने के लिए इनका उपयोग करते हैं। इसलिए ये यूज़र फ्रैंडली होने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सामान विकास को लेकर प्रतिबद्ध है और शहरों में विकास कार्य के लिए नगर निगम के बजट के अलावा अम्रुत व स्मार्ट सिटी के तहत काम चल रहा है। शहरी विकास मंत्री ने छोटा शिमला थाने का निरीक्षण कर ज़रूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट सिटी व अन्य संबंधित विभागों को छोटा शिमला चौक पर होने वाले काम को जल्दी शुरू करने को भी कहा। इस दौरान खलीनी के पार्षद पूरन मल, शिमला जल प्रबंधन निगम के निदेशक दिग्विजय सिंह चौहान, स्मार्ट सिटी व अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
