शिमला। पूर्व सासंद व प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति की अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने पार्टी के भीतर अनुशासन की महत्ता पर जोर देते हुए कहा है कि इसके बगैर कोई भी दल या परिवार आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने कहा कि अनुशासन सबके लिए बहुत जरूरी है। वे सोमवार को यहां पार्टी की अनुशासन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।
प्रदेश अनुशासन समिति की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए विप्लव ठाकुर ने बताया कि आज समिति के सभी सदस्यों को जिलावार जिम्मेदारी सौंपी गई है और संबंधित जिलों से संबंधित पार्टी की किसी भी शिकायत का पूरा अध्ययन कर सदस्य अपनी जांच रिपोर्ट उन्हें सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद किसी भी शिकायत पर पूरे गुण दोष के आधार पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े से बड़ा नेता हो, या छोटे से छोटा, नियम सबके लिए बराबर है।
विप्लव ठाकुर ने कहा कि वे स्वयं कांगड़ा व शिमला जिलों से सम्बंधित कांग्रेस पार्टी की शिकायतों को देखेगी। वहीं, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सोलन व सिरमौर, केवल सिंह पठानिया समिति के सचिव सदस्य के साथ-साथ मंडी व हमीरपुर जिले, चेतराम ठाकुर किन्नौर, लाहौल-स्पीति व कुल्लू, संजय अवस्थी ऊना, चम्बा व बिलासपुर जिलों का कार्य को देखेंगे, जबकि शर्मिला पटियाल समन्वयक के तौर पर कार्य करेंगी।
विप्लव ठाकुर ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया सभी नेताओं, पदाधिकारी, अग्रणी संगठन और कांग्रेस पार्टी के सभी विभागों को अपने किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम की पूर्व सूचना संबंधित जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को देनी होगी। इसके अतिरिक्त कोई भी नेता, पदाधिकारी, अग्रणी सगठनों के पदाधिकारी अपने किसी नेता के खिलाफ मीडिया या सोशल मीडिया में जाता है तो यह भी अनुशासनहीनता के दायरे में माना जाएगा और उसके खिलाफ पार्टी नियमों के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ कहा कि चार नगर निगम चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ पार्टी से जुड़ा कोई भी इन चुनावों को लड़ता है तो उसे भी अनुशासनहीनता के दायरे में लिया जाएगा।
