????????????????????????????????????
Spread the love

हमीरपुर। हमीरपुर जिले के सुजानपुर का राष्ट्रीय स्तर का होली महोत्सव इस बार 26 मार्च से 29 मार्च तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष मेले की थीम स्वर्णिम हिमाचल पर आधारित होगी। उपायुक्त देवाश्वेता बनिक ने वीरवार को हमीरपुर में इस मेले की तैयारियों का जायजा लिया। 

देवाश्वेता बानिक ने कहा कि मेले के शुभारंभ पर 26 मार्च को बेनी प्रसाद द्वार से मुरली मनोहर मंदिर तक शोभा यात्रा (जलेब) निकाली जाएगी। मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य अतिथि मेला मैदान में पहुंच कर प्रदर्शिनयों का अवलोकन करेंगे व सायं को सांस्कृतिक संध्या में भाग लेंगे। 28 मार्च, रविवार को परंपरागत रंगों वाली होली खेली जाएगी और हवन-पूजन का आयोजन भी किया जाएगा। कोविड-19 की सावधानियों के चलते इस बार सादगीपूर्ण ढंग से होली मनाई जाएगी और यथासंभव निश्चित दूरी सहित अन्य दिशा-निर्देशों की अनुपालना भी सुनिश्चित की जाएगी। समापन अवसर पर 29 मार्च को पुनः जलेब निकाली जाएगी।

उपायुक्त ने सभी विभागों से आग्रह किया कि वे अपनी प्रदर्शनियों में हिमाचल प्रदेश व जिला के विकास को केंद्रित कर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता के मध्य तक ले जाएं। स्थानीय उद्यमियों एवं नवाचार से जुड़े लोगों को भी मेले में आमंत्रित कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित बनाएं। महोत्सव के दौरान बेबी शो, डॉग शो, रंगोली, खेल-कूद प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र होंगी। होली महोत्सव की परंपरा को दर्शाती झांकी भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से तैयार करने के निर्देश उन्होंने दिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नामी कलाकारों के साथ-साथ उभरते हुए स्थानीय लोक कलाकारों को भी मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। 

देवाश्वेता बानिक ने कहा कि कोविड-19 के दृष्टिगत मेला मैदान में झूलों की समय सीमा एवं दुकानों की संख्या सीमित करने पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेला मैदान में पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई के उचित प्रबंध के लिए स्थानीय प्रशासन एवं नगर परिषद समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। मोबाइल शौचालय भी यथासंभव स्थापित किए जाएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे और लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करने के लिए नियंत्रण कक्ष में ध्वनि प्रसार सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोकुलचंद्रन कार्तिकेयन, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी जितेंद्र सांजटा, सहायक आयुक्त राजकृष्ण, उपमंडलाधिकारी (ना.) सुजानपुर शिल्पी बेक्टा सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *