शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि जिस प्रकार से धर्मशाला में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सफलतापूर्वक हुई है, उससे हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सक्रियता बढ़ गई है। इससे कांग्रेस के नेताओं को परेशान होने लगे हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा से विधानसभा का लक्ष्य लेकर भाजपा हिमाचल में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी चार नगर निगम चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और जब भी चुनाव होंगे, उसमें भाजपा का परचम सभी नगर निगमों पर लहराएगा।
कश्यप ने कहा कि भाजपा आगामी फतेहपुर में होने जा रहे उपचुनाव के लिए भी पूरी तरह से फील्ड वर्क कर चुकी है और इस चुनाव में भी भाजपा को भारी मतों से जीत हासिल होगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली मुख्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक हुई। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इस बैठक में ई-विस्तारक योजना की एक प्रस्तुति दी गई, जिसको पूरे देश को दिखाया गया। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल मॉडल की जम कर तारीफ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो बूथ की रचना की गई है वह अपनेआप में भाजपा की मजबूती को दिखाता है। भाजपा ने पन्ना प्रमुख का कार्य आज से 5 वर्ष पूर्व शुरू कर दिया था। आज हिमाचल प्रदेश भाजपा इकाई ने अपने सभी पन्ना प्रमुख एवं बूथ त्रिदेव का सत्यापन इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से किया है। इस ई-विस्तारक योजना को धरातल पर उतारने के लिए सभी लाखों कार्यकर्ताओं का योगदान रहा है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि आज भाजपा के पास 7792 बूथ पर त्रिदेव की संख्या 23376 है, जिनका सत्यापन इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से हो चुका है और पन्ना प्रमुख जिसकी संख्या 192318 है और उनका सत्यापन भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि भारत में भाजपा हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य है जिसने ई-विस्तारक योजना पूर्ण कर ली है, अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की दिशा अनुसार भाजपा बूथ पर पन्ना कमेटी का गठन करेगा जिससे भाजपा आने वाले 2022 के चुनावों में और सशक्त रूप से कार्य करेगी। उन्होंने कहा यह इसी योजना का स्वरूप होगा कि आने वाले समय में भाजपा की सरकार हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः बनेगी।
