Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में पीएम किसान सम्मान निधि योजना में हुए 12 करोड़ के फर्जीवाड़े पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा है कि सरकार की छत्रछाया में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है।उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सही जांच हुई तो इसमें सत्तारूढ़ भाजपा नेताओं की मिलीभगत सामने आएगी। उन्होंने इस फर्जीवाड़े में शामिल सभी लोगों के नाम सार्वजनिक करने की मांग सरकार से की है।
राठौर ने प्रदेश में बढ़ते कर्ज पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कर्ज लेने की यही गति रही तो कही प्रदेश पूरी तरह आर्थिक गुलामी की जंजीरों में न जकड़ जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को कर्ज पर कर्ज लेने की अपनी प्रवृत्ति छोड़ कर प्रदेश में फिजूलखर्ची पर लगाम लगाए। राठौर ने कहा कि सरकार ने अपने वित्तीय कुप्रबंधन के चलते प्रदेश को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रदेश को कोई भी वित्तीय सहायता नहीं मिल रही है। भाजपा का केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार का दावा हवा-हवाई सावित हुआ है।
राठौर ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर हर महीने लिया जा रहा कर्ज सरकार अपने नेताओं व मंत्रियों के ऐशोआराम पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर कोई भी नया पत्थर नहीं लगा है। सरकार उन्हीं योजनाओं के उद्घाटन कर रही है जो पूर्व में कांग्रेस सरकार के समय बनी थी और जिनका समुचित बजट था। उन्होंने प्रदेश में नकली डिग्रियों व दवाइयों के बढ़ते कारोबार पर भी चिन्ता प्रकट करते हुए सरकार पर तंज कसा और कहा कि आज प्रदेश की सत्ता नकली राजनेताओं के हाथ में है, जहां बड़े पैमाने पर सब नकली और भ्र्ष्टाचार ही पनप रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की स्वच्छ छवि पर दाग लग गया है, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *