नई कार्यकारिणी का गठन, व्यापारियों के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
शिमला। राजधानी शिमला के घोड़ा चौकी-कच्ची घाटी व्यापार मंडल के घोषित चुनाव में मलकीत सिंह को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से व्यापार मंडल का प्रधान चुना गया। चुनाव के दौरान व्यापारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए नई कार्यकारिणी का गठन किया और संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
चुनाव में वरिष्ठ व्यापारी रामदास और अशोक गर्ग को व्यापार मंडल का मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। वहीं, यशपाल जोशी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा मदन शर्मा को दोबारा महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरजीत कुमार मंगा भी विशेष रूप से मौजूद थे।
प्रधान चुने जाने के बाद मलकीत सिंह ने कोर कमेटी के साथ विचार-विमर्श कर नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इसके तहत कमल चंडोक को सचिव एवं कार्यालय प्रभारी, रणदीप सिंह कंवर को संयुक्त सचिव, लवनीश सेठ को सचिव, योगेश्वर गौतम को कोषाध्यक्ष तथा सुभाष शर्मा को प्रेस सचिव बनाया गया।
नवनियुक्त महासचिव मदन शर्मा ने अपनी नियुक्ति पर व्यापार मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी संस्था के लिए लोकतांत्रिक चुनाव नई ऊर्जा और नई सोच लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल की सक्रियता बढ़ने से क्षेत्र के व्यापारियों के हितों को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान मलकीत सिंह ने व्यापारियों का लगातार तीसरी बार विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सभी व्यापारियों के सहयोग से आगे भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेगा और व्यापारियों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मलकीत सिंह ने बताया कि व्यापार मंडल जल्द ही एक सलाहकार समिति का भी गठन करेगा, जिसमें अनुभवी और वरिष्ठ व्यापारियों को शामिल किया जाएगा। यह समिति व्यापार मंडल को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देने के साथ-साथ व्यापारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए व्यापार मंडल निरंतर प्रयास करता रहेगा। नई कार्यकारिणी का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना और संगठन को पहले से अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना होगा।
