युवा विधायकों की भूमिका पर होगा विमर्श, सम्मेलन में हिमाचल के प्रतिनिधि देंगे सुझाव
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के नेतृत्व में प्रदेश के विधायकों ने चण्डीगढ़ में आयोजित राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र जोन-2 के तीन दिवसीय सम्मेलन में भाग लिया। सोमवार को हरियाणा विधानसभा परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सम्मेलन का उद्घाटन किया।
सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के साथ विधायक संजय रत्न, केवल सिंह पठानिया, नीरज नैय्यर, राकेश जम्वाल, रीना कश्यप और कमलेश ठाकुर शामिल हुए। उद्घाटन समारोह से पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के राज्यपाल अशीम कुमार घोष द्वारा आयोजित प्रीति भोज में भी भाग लिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने हरियाणा लोक भवन परिसर में आयोजित औषधीय पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। बाद में हरियाणा विधानसभा के चैम्बर में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन के शुभारंभ कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह सैणी, राज्य सभा उप-सभापति डॉ. हरिवंश, हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा तथा उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर, महाराष्ट्र विधान सभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष बिजेन्दर गुप्ता, पंजाब विधान सभा अध्यक्ष कुल्लतार सिंह संडवा तथा जम्मू एवं कश्मीर विधान सभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर, हरियाणा विधान सभा सदस्य तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा से सम्मेलन में शामिल सदस्य मौजूद थे। इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा सहित अन्य राज्य विधान मण्डलों के सचिव भी शामिल हुए।
सम्मेलन के दूसरे दिन 9 जून को कुलदीप सिंह पठानिया “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर अपना संबोधन देंगे। हिमाचल प्रदेश से शामिल अन्य विधायक भी इस विषय पर अपने विचार और विजन प्रस्तुत करेंगे।
