Spread the love

रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय के सभागार कक्ष में मंगलवार को जिला की कल्पा तहसील में आयोजित होने वाले राऊलाने उत्सव एवं सांगला तहसील में मनाए जाने वाले होली उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। 

उपायुक्त ने दोनों उत्सवों के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा उत्सवों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पर्यटकों एवं आगंतुकों के लिए पर्याप्त आवास व्यवस्था, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सुविधाओं तथा आपातकालीन सेवाओं की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सम्बंधित विभागों को निर्देश दिए। 

इसके अतिरिक्त स्थानीय एवं पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी बल दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, संबंधित विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रचार-प्रसार एवं सूचना व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता, उपनिदेशक प्रारंभिक डॉ. अरुण गौतम, सांगला ग्राम पंचायत की प्रधान देव सांकी नेगी, कल्पा ग्राम पंचायत की प्रधान सरिता देवी, उपप्रधान कल्पा पंचायत राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *