Spread the love

भाजपा करेगी तिरंगा यात्राएं, स्वच्छता और स्मृति दिवस कार्यक्रम

बिहारी लाल शर्मा ने दी जानकारी, प्रदेश भर में होगा व्यापक आयोजन 

शिमला। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) “हर घर तिरंगा” अभियान चलाएगी। 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस सिलसिले में भाजपा प्रदेश मुख्यालय शिमला में वीरवार को एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

भाजपा प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक पूरे प्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान जोर-शोर से चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और स्वतंत्रता संग्राम के वीर योद्धाओं का स्मरण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा बल्कि युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायक गाथाओं से भी अवगत कराएगा।

तिरंगा यात्राएं और शहीदी स्मारकों पर स्वच्छता अभियान

बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि 10 अगस्त को प्रदेश के सभी 171 भाजपा मंडलों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 12 और 13 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थित शहीदी स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में देशप्रेम की भावना जागृत करने का प्रयास किया जाएगा।

14 अगस्त को मनाया जाएगा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस”

14 अगस्त को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में 1947 में भारत-पाकिस्तान के विभाजन के समय हुए अत्याचारों और नरसंहार की स्मृति में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम में 300 से 350 कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है, और कार्यक्रम को लेकर दिशा-निर्देश प्रदेश संगठन द्वारा भेजे जाएंगे।

15 अगस्त को तिरंगा फहराने के साथ वृक्षारोपण भी

अभियान के समापन पर 15 अगस्त को प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के सभी भाजपा कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से तिरंगा फहराया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक बूथ स्तर पर अधिकतम घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया है। इस दिन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *