Spread the love

शिमला। नागालैंड के पूर्व राज्यपाल, सीबीआई के पूर्व निदेशक और प्रदेश के पूर्व पुलिस प्रमुख अश्वनी कुमार (70) ने आत्महत्या कर ली है। राजधानी शिमला के ब्राकहाॅस्ट स्थित निवास में बुधवार शाम उनका शव फंदे से लटका पाया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही शिमला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। बताया जाता है कि सुसाइड नोट में लिखा है कि जिंदगी से तंग आकर अगली यात्रा पर निकल रहा हूं। पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह हैंगिंग का मामला है और इसकी जांच की जा रही है।

अश्वनी कुमार सिरमौर जिले के नाहन के रहने वाले थे। वे आईपीएस अधिकारी थे और वर्ष 2006 से 2008 तक हिमाचल के डीजीपी रहे। अगस्त 2008 से नवंबर 2010 के बीच वह सीबीआई के निदेशक रहे थे। अश्वनी कुमार सीबीआई के पहले ऐसे प्रमुख हैं, जिन्हें बाद में राज्यपाल बनाया गया था। मार्च 2013 में उन्हें नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *