Spread the love

ठियोग। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने ठियोग में एक जोरदार प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। जिला अध्यक्ष अरुण फालटा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश डोगरा, अजय श्याम, शशि बाला, कौल नेगी और पूर्व एपीएमसी चेयरमैन नरेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कर्ण नंदा ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ 10 कठोर कदम उठाए हैं, जिनमें सिंधु जल संधि को समाप्त करना, अटारी-वाघा बॉर्डर बंद करना, पाक नागरिकों के वीजा रद्द करना और सभी तरह की व्यापारिक व राजनयिक गतिविधियों को रोकना शामिल है।

नंदा ने आरोप लगाया कि जहां एक ओर केंद्र सरकार ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है, वहीं हिमाचल की कांग्रेस सरकार राज्य में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान और उन्हें वापिस भेजने में कोई गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति का हिस्सा है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

कर्ण नंदा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य कर रही है और इसे ‘पाकिस्तान वर्किंग कमेटी’ तक करार दिया। नंदा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए सुरक्षा कवच हैं, लेकिन कांग्रेस इस चट्टान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *