बिलासपुर। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को घुमारवीं हलके के कोट पंचायत के तहत गांव कंजयाण, कोट टांडा, बल्ही (बाहल) और कोट पंचायत घर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को समान रूप से प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे प्रत्येक गांव तक सुविधाएं पहुंचाई जा सके। इससे ग्रामीणों को जीवन की गुणवत्ता में वास्तविक सुधार का अनुभव होगा।
धर्माणी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ को राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल में परिवर्तित किया जा रहा है। इस परियोजना के प्रथम चरण के लिए 2.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है और भूमि चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है। डे बोर्डिंग स्कूल से बच्चों का चहुंमुखी विकास होगा।
बिजली आपूर्ति की समस्याओं को दूर करने के लिए बम्म क्षेत्र में 12 करोड़ रुपए की लागत से 33केवी का विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जा रहा है, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थायी रूप से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोट पंचायत में सुचारू पेयजल व्यवस्था के लिए सतलुज नदी से लगभग 53 करोड़ रुपए से परगना अजमेरपुर पेयजल योजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। इस पेयजल योजना के निर्माण हो जाने से पानी की समस्या का स्थाई हल हो जाएगा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत कोट में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने हेतु जल शक्ति विभाग द्वारा 13 लाख रुपए की लागत से विभिन्न कार्य संपन्न किए गए हैं।उन्होंने बताया कि मुख्य स्टोरेज टैंक कोट से गांव कंजयाण तक 2 लाख 30 हजार रुपए से 600 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। गांव कोट टांडा में 35 लाख रुपए पाइपलाइन बिछाई गई। गांव देहरा टांडा में एक लाख 50 हजार रुपए से 420 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। कोट टैंक से वेल्डिंग शॉप तक 71 हजार रुपए से 120 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। गांव कंजयाण में एक लाख 10 हजार रुपए से 170 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। कोट डलविन में 2 लाख 17 हजार रुपए से 1200 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। पेयजल योजना कोट कंजयाण टांडा तक 3 लाख 27 हजार रुपए से 600 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। स्टोरेज टैंक से प्रकाश चंद के घर तक एक लाख 43 हजार रुपए से 280 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई।
सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा ग्राम पंचायत कोट में लगभग 96 लाख रुपए की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण एवं मुरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इनमें लिंक रोड से ग्राम कोट तक 6.50 लाख रुपए की लागत से सीमेंट कंक्रीट निर्माण, लिंक रोड से हार कंजियान-कोट टांडा तक 23 लाख रुपए, लिंक रोड कोट मुड़खर तक 14 लाख रुपए, कोट टगयार-जाहू से सनेहल खड्ड तक 15 लाख रुपए, देहरा से कोट कांगरी रोड पर 21.84 लाख रुपए की लागत से री-टैरिंग कार्य तथा कोट से सनेहल खड्ड पुल टगयार तक 14.45 लाख रुपए की लागत से री-टैरिंग कार्य शामिल है।
