Spread the love

मंडी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है। इन चुनावों के बाद और भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर भूल जाये कि वह प्रदेश की सत्ता में आने वाले है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद भी प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। वे वीरवार को यहां सेरी मंच पर मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह के नामांकन दाखिल करने के अवसर पर भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह किसी परिचय के मोहताज नहीं है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनके पिता स्व.वीरभद्र सिंह ने तीन बार व उनकी माता प्रतिभा सिंह ने भी तीन बार ही सांसद के तौर पर प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि इस बार उनके पुत्र प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि एक तरफ विक्रमादित्य सिंह तो दूसरी तरफ एक अभिनेत्री जो पहली बार राजनीति में अपनी किस्मत आजमा रही है, चुनाव मैदान में है। उन्होंने कहा कि आज उमड़ी भीड़ से साबित हो गया है कि विक्रमादित्य सिंह यह चुनाव जीत गए हैं।

इससे पूर्व, अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य, सांसद एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि आज के जन सैलाब ने साबित कर दिया है कि विक्रमादित्य सिंह यह चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर घर घर जाकर विक्रमादित्य सिंह को वोट मांगने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें 1 जून मतदान तक आराम से नहीं बैठना है। विक्रमादित्य सिंह को रिकार्ड तोड़ वोट मिलने चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने अपने सम्बोधन में उपस्थित जनसमूह का यहां आने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी आलाकमान ने इस बार उनकी जगह एक युवा व अनुभवी नेता को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विक्रमादित्य सिंह नहीं मण्डी लोकसभा क्षेत्र के लोग चुनाव लड़ रहे हैं‌ और यह जीत उनकी नही मण्डी संसदीय क्षेत्र के लोगों की होगी। 

वह नेता या अभिनेता नहीं, जनसेवक हैं‌ – विक्रमादित्य सिंह, कहा – आपदा के समय इस क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की 

जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह नेता या अभिनेता नहीं हैं, वह जनसेवक है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय उन्होंने इस क्षेत्र के आपदा प्रभावित लोगों की हर संभव मदद की। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा ने इस दौरान लोगों की कोई मदद की और न ही उनकी चुनाव लड़ रही प्रत्याशी। विक्रमादित्य सिंह ने यहां उपस्थिति सभी लोगों का उनके इस समर्थन के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र को आदर्श सांसद क्षेत्र बनाना ही उनका प्रमुख लक्ष्य है और इसी लक्ष्य को वह आगे रख कर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो प्यार सम्मान उन्हें व उनके परिवार को प्रदेश के लोगों से मिला है उसका ऋण वह कभी भी नही चुका सकते।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *