Spread the love

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने आज भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्रियों व संसदीय क्षेत्र के प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी पुरषोतम गुलेरिया, प्रदेश महामंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश महामंत्री एवं कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर तथा प्रदेश महामंत्री एवं मण्डी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राकेश जम्वाल उपस्थित रहे।

सुरेश कश्यप ने बताया कि बैठक में कोरोना काल में पार्टी द्वारा किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर सेवा कार्यों में बढ़चढ़कर भाग लिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने 5 लाख 16 हजार भोजन पैकेट बांटे, 1 लाख 14 हजार के लगभग परिवारों को सूखा राशन उपलब्ध करवाया, 50 लाख से अधिक मास्क वितरित किए गए, 5 करोड़ से अधिक धनराशि पी0एम0 कोविड केयर फंड में भिजवाई गई और 9 करोड़ के लगभग की धनराशि मुख्यमंत्री कोविड सोलिडरिटी फंड और मुख्यमंत्री राहत कोष में भेजी गई। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में लाभार्थियों की वर्चुअल रैलियों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा निकट भविष्य में प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की वर्चुअल रैलियां करने जा रही है जिसका खाका लगभग तैयार किया जा चुका है।

सुरेश कश्यप ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता आये दिन मीडिया में बिना सिर-पैर और बिना तथ्यों के बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिशें करते रहते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि कांग्रेस पार्टी अपने ही नेताओं के चक्रव्यूह में फंसकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी अपने अंदर ही वर्चस्व की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता मीडिया के माध्यम से अपनी खोती हुई साख को बचाने की नाकाम कोशिशें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लगातार जनहित के कार्य कर रही है और प्रदेश की जनता वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यों से काफी खुश भी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक जनसेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा कर रहे हैं और प्रदेश की जनता का भरपूर सहयोग व समर्थन भी प्रदेश सरकार को मिल रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *