Spread the love

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने वीरवार को यहां कोटखाई उपमंडल की देवगढ़ पंचायत में 3.43 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देवगढ़ भवन एवं बागी गांव में 90 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ पेयजल योजना की आधारशिला रखी।

रोहित ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार हर वर्ग एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए कटिबद्ध है तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू लघु एवं सीमांत बागवान के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा और शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवेश के छात्र-छात्राओं को घर द्वार पर सुविधा उपलब्ध होगी और शिक्षकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में संपर्क मार्गों एवं सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा, जिससे किसानों की आर्थिकी को संबल प्रदान हो और प्रति व्यक्ति आय में इजाफा संभव हो सके। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सल कार्टन के माध्यम से किसानों को आढ़तियों के शोषण से बचाया जाएगा और वर्तमान राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार निर्धन एवं उपेक्षित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत राज्य में 6 हजार अनाथ बच्चों को लाभ मिल रहा है।
रोहित ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में नवीनतम कोर्सिज शुरू किए जाएंगे और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगारपरक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली स्कूली छात्रों को 10 हजार की राशि प्रदान की।
इससे पूर्व, स्थानीय प्रधान रंजना शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उनके समक्ष मांग पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, पंचायत समिति अध्यक्ष रेखा चौहान, उप मंडल अधिकारी कोटखाई चेतना खंडवाल, खंड विकास अधिकारी करण सिंह, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *