Spread the love
शिमला। नगर निगम शिमला के चुनावों के बीच भाजपा विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा, शिमला नगर निगम में फिर से बहुमत से काबिज होगी और प्रदेश में भी उनकी सत्ता लौटेगी। हालांकि कांग्रेस के विधायकों के भाजपा से संपर्क में होने का सवाल वो टाल गए, लेकिन साथ ही कहा कि वह वक्त आने पर बताएंगे कि कितने विधायक उनके संपर्क में हैं।
विपिन परमार ने शुक्रवार को यहां पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि शिमला नगर निगम के चुनावों को कांग्रेस पार्टी प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गारंटियों को पूरा कर नहीं पा रही है और कांग्रेस के दिग्गज कह रहे हैं कि कांग्रेस में उनका गला घुट रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला में ज्यादा समय तक कांग्रेस का दबदबा रहा, लेकिन यहां हिल्स क्वीन में जो काम होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी पीएम मोदी और जयराम ठाकुर की देन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शिमला के लिए पानी और अन्य योजनाओं की बात कर रही है, लेकिन यह सब भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि पर्वतमाला और पानी की योजना भाजपा‌ लेकर आई है।
विपिन परमार ने कहा कि पांच लाख रोजगार देने की बात करने वाली कांग्रेस व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है और इस सरकार ने कोरोना काल में सेवाएं देने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया‌ है। उन्होंने कहा कि रोजगार को लेकर गठित कैबिनेट सब कमेटी की बैठक में फैसला लिया गया, जिसमें दूरदराज के क्षेत्रों में बिना इंटरव्यू के अध्यापकों के पद भरने के लिए ड्राफ्ट तैयार किया गया। लेकिन अगले ही दिन मुख्यमंत्री इसको नकार देते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के बीच कोई तालमेल नहीं है और कांग्रेस ने राजधर्म की धज्जियां उड़ाई है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम में‌ चुनाव भाजपा जीत रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *