Spread the love

कुल्लू। वन, परिवहन व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने कहा कि मनाली और रोहतांग के मध्य पड़ने वाले गुलाबा स्टेशन में 14 लाख की लागत से निर्मित की जा रही पार्किंंग इसी महीने बनकर तैयार हो जाएगी। इसमें 110 वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बुधवार को पर्यटन की संभावनाओं और सुविधाओं के सृजन का पता लगाने के लिए मनाली से रोहतांग तक का दौरा किया।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि जब रोहतांग दर्रा पूरी तरह बर्फ के आगोश में होता है तो उस समय गुलाबा सैलानियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना रहता है। गुलाबा से आगे रोहतांग तक बर्फ हटाने के कार्य में समय लग जाता है। उन्होंने कहा कि गुलाबा में सैलानियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का सृजन किया जा रहा है और इस क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
वन मंत्री ने गत वर्ष गुलाबा के समीप नेचर पार्क के शिलान्यास स्थल का दौरा भी किया। उन्होंने इस स्थल पर किए गए पौधरोपण की जीवंतता का भी जायजा लिया और वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस क्षेत्र में और अधिक पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुलाबा से रोहतांग तक के क्षेत्र में पर्यटकों के लिए अनेक आकर्षण के स्थल विकसित किए जाएंगे। जहां पर पौधरोपण की संभावना होगी, सभी जगहों पर इसी वर्ष पौधरोपण करने के प्रयास किए जाएंगे। ठाकुर ने कहा कि वह मनाली विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं और आने वाले सालों में यह सामने अवश्य आएगा। अनेकों सड़कों व पुलों का कार्य चला है। विकास की अनेक गतिविधियां क्षेत्र में कार्यान्वित की जा रही हैं। गोविंद ठाकुर के साथ इस मौके पर एसडीएम रमन घरसंगी, पार्षद मनोज लारजे, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री ठाकुर दास, उपाध्यक्ष मुकेश के अलावा वन विभाग, लोक निर्माण व जल शक्ति विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *