शिमला। राजधानी शिमला के शोघी-मैहली बाईपास पर बड़ागांव में एक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान एसजेवीएन में कार्यरत एजीएम बृजेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी नंबर (एचपी 63बी 3989) शोघी-मेहली बाइपास पर बड़ागांव में बेकाबू हो गई। गाड़ी लुढ़कती हुई लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शोघी मैहली बाइपास पर मेटलिंग उखड़ी हुई है। ऐसे में गाड़ियों के स्किड होने का खतरा बना रहता है। इस गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण भी स्किड होना माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान बृजेश कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस थाना न्यू शिमला में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
