Spread the love

कुल्लू। पर्यटन की दृष्टि से मनाली विश्व मानचित्र पर अंकित है। क्षेत्र के अधिक से अधिक युवा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े, इस दृष्टि से मनाली विधानसभा के अंतर्गत नग्गर व छाकी के बीच उपलब्ध 40 बीघा भूमि में होटल प्रबंधन संस्थान खोला जाएगा। शिक्षा कला भाषा संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने यह बात मनाली विधानसभा के अंतर्गत गोजरा पंचायत के खखनाल में 16.30 लाख रुपए की लागत से निर्मित पशु औषधालय भवन का लोकार्पण तथा पटवार वृत्त का शुभारंभ करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली उपमंडल में 6 नए पटवार सर्कल खोले गए हैं जिससे लोगों को सुविधा हुई है। उन्होंने कहा कि सजला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला गया और लोगों की लंबे समय की मांग को पूरा किया। गोविंद ठाकुर ने कहा कि बाम तक में एक उप तहसील तथा जल शक्ति विभाग का उप मंडल खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि लेफ्ट बैंक में उनके कार्यकाल के दौरान 22 करोड़ लागत के 8 पुलों का निर्माण किया गया है जिनमें 2 पुल अगले दो-तीन महीनों में बनकर तैयार हो जाएंगे।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि राइट बैंक की सड़क को कुल्लू से मनाली तक डबल लेन बनाने से समय की बड़ी बचत हुई है और सैलानियों को भी सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार शाम तक की सड़क को भी डबल लेन किया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है जबकि कंसल्टेंसी का कार्य पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल में अभूतपूर्व विकास हुआ है। पल्चान स्कूल को अपग्रेड करके वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनाया गया जगतसुख में स्कूल का शानदार भवन बनाया गया, हलान एक के स्कूल को भी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनाया, नथान के स्कूल को भी अपग्रेड किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनाली विधानसभा के लिए संस्कृत कॉलेज लाने के प्रयास किए जाएंगे और इसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जब तक संस्कृत कॉलेज का भवन नहीं बनता तब तक कक्षाएं जगतसुख के पुराने स्कूल में चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ की लागत से हरिपुर कॉलेज का खूबसूरत भवन बनाया और अब इस कॉलेज में अंग्रेजी तथा राजनीतिक शास्त्र की स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू कर दी है और इस साल से एमकॉम भी शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि हरिपुर कॉलेज में बीटीए की कक्षाएं इसी सत्र से शुरू करेंगे जबकि एमटीए के लिए बच्चे कुल्लू कॉलेज जाएंगे। गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली अस्पताल को सौ बिस्तरों का बनाया गया है और आने वाले समय में इसे 200 बिस्तरों का बनाया जाएगा। इस अस्पताल में एमडी तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ की भी नियुक्ति की जाएगी ताकि लोगों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में ना जाना पड़े।
शिक्षा मंत्री ने इस बात पर चिंता जाहिर की कि बच्चे नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं जो विकसित समाज की स्थापना में एक बड़ी बाधा है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार करें उनकी गतिविधियों पर नजर रखें और अनावश्यक पैसा बच्चों को ना दें और इसका हिसाब ले। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह नशे जैसी बुराई से अपने आपको तथा परिवार को बर्बादी की ओर ना ले जाए बल्कि अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाकर अपने भविष्य को सवारे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम के साथ इस बार मनाया जा रहा है और 13 से 15 अगस्त तक सभी घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने लोगों से झंडा खरीद कर अपने मकानों में फहराने की अपील करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन बान और शान है और हम सभी को इसके प्रति सम्मान भाव की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थापना केबी 75 वर्ष हो रहे हैं और प्रदेश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इससे पूर्व स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान हुकम राम ठाकुर ने स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याएं मंत्री के समक्ष रखी। समाजसेवी ताराचंद तथा बूथ अध्यक्ष त्रिलोकचंद ने भी स्वागत किया और क्षेत्र में बीते साढे 4 सालों के दौरान हुए विकास की गिनती की। कार्तिक महिला मंडल ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, उपनिदेशक पशुपालन डॉ विशाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य मीना ठाकुर, पंचायत समिति के उपाध्यक्ष अनीता ठाकुर, भाजपा उपाध्यक्ष गोवर्धन ठाकुर व सुनील कारवा, आसपास की ग्राम पंचायतों के प्रधानों में पुष्पा, डिंपल ठाकुर, पुष्पा ठाकुर आशा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *