शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पूर्व जिला अध्यक्ष शिमला ग्रामीण केहर सिंह खाची इन दिनों ठियोग-कुमारसैन विधानसभा हलके में जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। वे इस विधानसभा हलके में अब तक करीब 50 पंचायतों में अपना जनसंपर्क अभियान का पहला चरण पूरा कर चुके हैं। इस क्रम में उन्होंने कुमारसैन की करेवती, मलैंडी और शलौटा पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस प्रकार वे कुल 50 पंचायतों का दौरा कर चुके हैं और ठियोग-कुमारसैन की कुल 67 पंचायतों में से बाकी बची 17 पंचायतों में अगले सप्ताह में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
केहर सिंह खाची ने कहा कि जनसंपर्क अभियान में महिलाओं में कांग्रेस के प्रति भारी रूझान है और आम जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों ने बताया कि महंगाई और बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं और किसानों और बागवानों की सरकार कोई सुध नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि बागवानों की समस्याओं को लेकर सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है और उन्हें अपने हाल पर छोड़ रखा है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन शुरू होने को है और सरकार ने कार्टन की बढ़ती कीमतों को कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए हैं और न ही कोई सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में जनता इसका करारा जवाब भाजपा को देगी और कांग्रेस की सरकार को प्रदेश में स्थापित करेगी।
