Spread the love

हमीरपुर। उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग और डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अधिकारियों को कॉलेज के नए परिसर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कॉलेज के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन नए परिसर में शैक्षणिक खंड का कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

उपायुक्त ने सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में अगर कहीं कोई समस्या आ रही है तो इसकी जानकारी तुरंत कॉलेज प्रबंधन और संबंधित विभाग को दें, ताकि उसका त्वरित निपटारा किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि नए परिसर का कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है और इसके लिए अतिरिक्त पानी की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके समाधान के लिए निर्माण स्थल के आस-पास भूमिगत जल की संभावना वाली कम से कम दो जगह चिन्हित करके वहां बोरवैल लगाए जा सकते हैं। 

उपायुक्त ने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे बोरवैल लगाने के लिए सीपीडब्ल्यूडी का सहयोग करें तथा हाइड्रोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध करवाएं। कॉलेज परिसर की जद में आ रही शिक्षा विभाग की जमीन के हस्तांतरण के संबंध में भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग की जमीन मेडिकल कालेज के नाम हस्तांतरित करने से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कॉलेज की चारदिवारी और साथ लगते गांवों की सडक़ से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में एसडीएम नादौन विजय धीमान, जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सुमन यादव, सीएमओ डॉ. आरके अग्रिहोत्री, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजय कुमार ठाकुर, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *