शिमला। प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन पर उतरे कर्मचारियों पर गाज गिरना शुरू हो गई है। सरकार ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियोंं को दूर-दराज के क्षेत्रों में ट्रांसफर किया है। यह सभी शिक्षा विभाग से संबंधित हैं। सरकार ने संयुक्त कर्मचारी महासंघ व हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान को शिमला से चम्बा के चांजू (तीसा) के लिए ट्रांसफर किया है, जबकि सुरेंद्र शर्मा को शिमला के घूंड स्कूल से चम्बा के बडग्रां स्कूल भेजा है। वहीं अरूण गुलेरिया को मंडी से शिमला के दूर दराज क्षेत्र को भेजा गया है, जबति सचिन कुमार को कांगड़ा से शिमला, कैलाश ठाकुर को शिमला के कांगल स्कूल भेजा गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने कुछ अन्य शिक्षकों को भी ट्रासंफर किया है।
जहां मर्जी भेज दो, कर्मचारियों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे : वीरेंद्र चौहान
महासंघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने कहा कि पदाधिकारियों को एडमिनिस्ट्रेटिव ग्राऊंड का आधार बनाकर दूरदराज के क्षेत्रों में ट्रांसफर इसलिए किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों के मुद्दों को दबाया जा सके और आंदोलन को निरस्त किया जा सके। उन्होंने कहा है कि उन्हें प्रदेश के किसी भी कोने में भेज दो, कर्मचारियों के हक की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ओपीएस बहाली की मांग पहले की तरह उठाई जाएगी।
