शिमला। शिमला पुलिस ने दिल्ली के तीन युवकों से चिट्टा बरामद किया है। शिमला-चंडीगढ़ मार्ग पर शोघी के समीप खवारा चौकी में नाकाबंदी के दौरान इन युवकों से 33.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शिमला पुलिस की डिटेक्शन सेल की टीम ने शोघी के समीप खवारा चौकी के पास नाका लगाया था। इस दौरान हरियाणा नंबर की कार को जांच के लिए रोका गया। कार की तलाशी के दौरान इसमें से 33.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने इसे लेकर तीनों से पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चिट्टे के साथ पकड़े गए युवकों में दिल्ली के तरूण, अंकित और अमन शामिल हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और पता लगा रही है कि ये यहां किसे बेचने वाले थे।
