Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि भाजपा की जनविरोधी व तानाशाही नीतियों व निर्णयों से देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में हुए उप चुनावों के बाद प्रदेश भाजपा सरकार सदमे में है। उन्होंने दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। वे वीरवार को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ जन जागरण अभियान के दौरान लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। राठौर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जीत के बाद सरकार ने पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में कमी करने के साथ-साथ किसानों पर थोपे गये तीन काले कानूनों को रद्द किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार 700 से अधिक किसानों की मौत की जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि देश भाजपा को कभी माफ़ नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में कुछ नहीं किया। अब जब उन्हें प्रदेश में हुए उप चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा है तो उन्हें लोगों की कुछ समस्याएं नज़र आने लगी हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा ने कभी भी समस्याओं को दूर करने के कोई प्रयास ही नहीं किए। कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस का जन जागरण अभियान सफलता से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में लोगों के समर्थन के लिए वह सब का आभार प्रकट करते हैं। 
इससे पूर्व, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश को कर्जों में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि अब अधिकारियों पर दबाव बना कर उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुकेश ने कहा कि प्रदेश में हुए उप चुनावों के बाद भाजपा सरकार नींद से जगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अब एक साल इस सरकार का शेष रह गया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी ने लोगों को मुश्किलों में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही कांग्रेस लोगों को इन बढ़ती मुश्किलों से निजात दिलाने के लिए काम करेगी।
इस जन जागरण अभियान के दौरान कई भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व मंत्री चंद्र कुमार, अजय महाजन, संजय रत्न, जगजीवन पाल, केवल पठानिया, सुरेंद्र मनकोटिया, दीपक शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष शगुन दत्त के अतिरिक्त महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, इंटक, एनएसयूआई के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *