????????????????????????????????????
Spread the love

नाहन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के सतीवाला में 161 करोड़ रुपए लागत की 28 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। सिरमौर जिले के सतीवाला में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कालाअम्ब में उप-तहसील खोलने, रीगड़वाला ग्राम पंचायत कौलांवाला भूड़ में नई प्राथमिक पाठशाला, राजकीय प्राथमिक पाठशाला कून को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, राजकीय उच्च विद्यालय बोहलियों, जंगलाभूड व टोकियो में जमा दो कक्षाएं आरम्भ करने तथा बिजली बोर्ड के उच्च विद्यालय गिरिनगर को हिमाचल शिक्षा बोर्ड के अधीन करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (रा.व.मा.पा.) हरिपुरखोल में विज्ञान कक्षाएं, रा.व.मा.पा. बिक्रमबाग में वाणिज्य कक्षाएं, रा.व.मा.पा. पंजाहल में विज्ञान (जीव विज्ञान), रा.व.मा.पा. बर्मापापड़ी में विज्ञान (जीव विज्ञान) तथा रा.व.मा.पा. सैनवाला में वाणिज्य एवं गणित की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की। उन्होंने सैनवाला मुबारिकपुर, त्रिलोकपुर व हरिपुरखोल में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, देवका पुडला, क्यारी व संभालका में नए पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने रामपुर-भारापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने फतेहपुर-गुलाबगढ़ के मध्य बाता नदी पर पुल निर्माण, नाहन विधानसभा क्षेत्र के पांवटा खण्ड में आने वाली नौ पंचायतों के लिए 20 ट्यूबवैल के लिए दो लाख रुपए प्रति ट्यूबवैल तथा नगर परिषद क्षेत्र नाहन के विभिन्न विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने वर्तमान राज्य सरकार को अपना पूरा समर्थन और सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान भी प्रदेश के 42 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 4200 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि महामारी के कारण लाॅकडाउन के दौरान राज्य सरकार ने देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रदेश के 2.50 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने संकट के इस समय में कुछ नहीं किया और इस संवेदनशील मामले का राजनीतिकरण करने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य में कोई भी मरीज बिस्तर, दवाओं और ऑक्सीजन आदि से वंचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को याद दिलाया कि जब महामारी फैली थी तब राज्य में केवल 50 वेंटिलेटर थे, जबकि आज राज्य में 900 से अधिक वेंटिलेटर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में इन्दिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय शिमला और डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में केवल दो ही ऑक्सीजन प्लांट थे, जबकि आज राज्य में 30 से अधिक ऑक्सीजन प्लांट हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त और कुशल नेतृत्व के कारण भारत 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने वाला विश्व का पहला देश बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भी पात्र आयु वर्ग के लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाने के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के करीब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ धान खरीद केन्द्र खोलने के मामले को उठाया और राज्य में सात धान खरीद केंद्र खोले गए, जिनमें से तीन इस जिले में खोले गए हैं।
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने राज्य का संतुलित और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है और सिरमौर जिले ने भी इस दौरान विकास के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य के किसानों से पहली बार एफसीआई के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है, जिससे राज्य के किसान लाभान्वित हुए है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों को निःशुल्क बिजली कनेक्शन प्रदान करने का भी आग्रह किया। 
सांसद एवं  भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जिले के दो दिवसीय दौरे के दौरान 320 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना महामारी के दौरान उठाए गए कदमों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य ने कोविड वैक्सीन की पहली खुराक लगाने के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल कर लिया है और अब इस माह के अन्त तक पात्र आयु वर्ग के लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है। नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने अपने गृह क्षेत्र में मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश में वास्तविक कल्याणकारी सरकार है, क्योंकि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में इस सरकार ने गरीब वर्ग के लोगों का कल्याण सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया है, जिसमें सबसे निम्न स्तर पर रहने वाले व्यक्ति के विकास पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने 161 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, राज्य कृषि मंडी बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, उपायुक्त सिरमौर आर.के. गौतम, पुलिस अधीक्षक सिरमौर ओमापति जम्वाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री ने 134 करोड़ रुपए लागत की 16 विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसमें 2.01 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुरला में निर्मित होने वाली विज्ञान प्रयोगशाला, 10 करोड़ रुपये लागत की  कौलावाला भुंड, ब्रहमपापरी, पलियां, नाहन, बंकलां पंचायत में बनने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना, 10.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मोगीनन्द से नगल सुकेती सड़क पर मारकण्डा नदी के ऊपर 60 मीटर लंबे पुल तथा सड़क निर्माण, 18.64 करोड़ रुपये की लागत से मारकण्डा नदी पर 80 मीटर लंबे पुल तथा गुरूद्वारा साहिब राष्ट्रीय उच्च मार्ग-7 से मारकण्डा नदी पर खड्ड के ऊपर 27.60 मीटर लंबे पुल और माकण्डा नदी के ऊपर निर्मित होने वाले पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने 67 लाख रुपये से राजकीय उच्च पाठशाला निहोग में बनने वाले तीन अतिरिक्त कमरों और तहसील नाहन के कौलावाला भूड में 6.13 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की आधारशिला रखी। जयराम ठाकुर ने 30 लाख रुपये से कालाअम्ब में बनने वाले मुख्यमंत्री लोक भवन, 57 लाख रुपये से कालाअम्ब में बनने वाले पशु अस्पताल भवन, 30 लाख रुपये से फतेहपुर में बनने वाले मुख्यमंत्री लोक भवन, 1.54 करोड़ रुपये से जमनीघाट झील बनका बारा से धौणवाला सड़क पर आरसीसी बाॅक्स सैल पुल व तहसील पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत धौलाकुंआ में 3.01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली धौलाकुंआ-लबाणा बस्ती बेलवाली-घरिवाला-सुडांवाला-गुज्जर बस्ती सड़क की आधारशिला रखी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *