Spread the love

शिमला। सेब बाग़वानी को जो मुक़ाम हासिल हुआ है वो हिमाचल निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार, पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र के निरन्तर प्रयासों से सम्भव हो पाया है। यह बात जुब्बल-कोटखाई हलके के कांग्रेस उम्मीदवार रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र के कड़ीवन, पुजारली-3 और समारा में जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कही।

रोहित ने कहा कि नावर क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का भावनात्मक संबंध रहा है और यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से बाग़वानी क्षेत्र संकट के दौर से गुज़र रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार के अथक प्रयासों से बाग़वानी क्षेत्र के विकास के लिए विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित 1134 करोड़ के बागवानी प्रोजेक्ट की सौगात हिमाचल प्रदेश को मिली जिसका शुभारंभ 21 जून, 2016 को किया गया। पराला मंडी में फ्रूट प्रोसेसिंग प्लांट के लिए 91.20 करोड़ बाग़वानी विकास प्रोजेक्ट के तहत ख़र्च किए जा रहे हैं।

रोहित ठाकुर ने कहा कि बाग़वानी विकास प्रोजेक्ट के तहत हिमाचल में एचपीएमसी के 6 सीए स्टोर, सेब ग्रेडिंग, पैकेजिंग केंद्र बाग़वानी प्रोजेक्ट के तहत स्तरोन्नत हो रहे हैं, जिसमें गुम्मा के सीए स्टोर व पैकिंग केंद्र को स्तरोन्नत करने लिए  16.48 करोड़, रोहड़ू के सीए स्टोर के लिए 25.48 करोड़, टिक्कर में टुटूपानी में सेब ग्रेडिंग व पैकेजिंग केंद्र के निर्माण के लिए 6.69 करोड़ तथा प्रदेश में 4 नए सीए स्टोर इसी प्रोजेक्ट के तहत बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत बाग़वानी क्षेत्र की अतिमहत्वकांक्षी 1134 करोड़ के बाग़वानी विकास प्रोजेक्ट को सत्ता परिवर्तन के बाद बागवानी मंत्री 4-5 विधानसभा क्षेत्र की योजना बताकर क्षेत्रवाद की राजनीति को हवा देते रहे। अब इस योजना के लाभकारी परिणाम सामने आ रहे हैं तो पूर्व में विरोध करने वाली भाजपा में श्रेय की होड़ मची हुई है। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के आठ वर्ष के कार्यकाल में नावर क्षेत्र की घोर अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पक्ष और विपक्ष में रहते हुए हमेशा बाग़वानों की आवाज़ उठाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में नावर क्षेत्र की हर पंचायत में बाग़वानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र को प्राथमिकता मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हिमाचल के विकास पुरुष पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह की सोच के प्रतीक हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी क्षमता के साथ एक-एक मतदाता तक पहुंचकर कांग्रेस पार्टी के लिए जनसमर्थन और जनमत जुटाने का आग्रह किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *